﻿ज़बूर.
124.
अब इस्राईल यूँ कहे, अगर ख़ुदावन्द हमारी तरफ़ न होता, 
अगर ख़ुदावन्द उस वक़्त हमारी तरफ़ न होता, जब लोग हमारे ख़िलाफ़ उठे, 
तो जब उनका क़हर हम पर भड़का था, वह हम को ज़िन्दा ही निगल जाते। 
उस वक़्त पानी हम को डुबो देता, और सैलाब हमारी जान पर से गुज़र जाता। 
उस वक़्त मौजज़न, पानी हमारी जान पर से गुज़र जाता। 
ख़ुदावन्द मुबारक हो, जिसने हमें उनके दाँतों का शिकार न होने दिया। 
हमारी जान चिड़िया की तरह चिड़ीमारों के जाल से बच निकली, जाल तो टूट गया और हम बच निकले। 
हमारी मदद ख़ुदावन्द के नाम से है, जिसने आसमान और ज़मीन को बनाया। 
